कोलकाता | पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज 152 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने के लिए आम जनता के साथ-साथ राजनीति के दिग्गज भी सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। विपक्ष के नेता और नंदीग्राम व भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के एक बूथ पर अपना वोट डाला। उनके अलावा आसनसोल साउथ से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और युवाओं व महिलाओं में वोटिंग को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
वोट डालने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए सुवेंदु अधिकारी ने तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार बंगाल में परिवर्तन तय है। अधिकारी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “अगर इस बार बदलाव नहीं हुआ, तो बंगाल में सनातन संस्कृति खत्म हो जाएगी।” उन्होंने चुनाव आयोग के काम की सराहना की लेकिन साथ ही आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के ‘गुंडे’ चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं और भाजपा के पोलिंग एजेंटों को गिरफ्तार करवाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राज्यपाल ने भी पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने की अपील की है। भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह लड़ाई बंगाल को बचाने और युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करने की है। गौरतलब है कि राज्य की 294 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान हो रहा है, जिसमें पहले चरण की 152 सीटों पर आज 1,478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो रही है। शेष 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि चुनावी नतीजों की घोषणा 4 मई को की जाएगी।

