
इंदौर:बुधवार को डेली कॉलेज में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के लिए पश्चिम मध्य क्षेत्र के वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने संबोधित किया.जपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की विचारशीलता, क्षमता और समर्पण से ही मजबूत होता है.
एक सशक्त कार्यकर्ता ही पार्टी संगठन को सशक्त बनाने का मूल आधार है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है. संगठन कार्यकर्ताओं के व्यक्तिव निर्माण के लिए प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करता है. पार्टी कार्यकर्ता प्रशिक्षण से खुद को निखारने और संगठन के कार्यों के साथ सरकार के कार्यों से जनता को अवगत कराएं. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को विचारधारा व संगठनात्मक कार्यों से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षण वर्ग आवश्यक होता है। कार्यकर्ता प्रशिक्षण की बातों को आत्मसात भाजपा संगठन की मजबूती के लिए कार्य करें.
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि सामूहिक चर्चा से प्रशिक्षण जीवंत होता है। संवाद की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रखना चाहिए. भाजपा विचारधारा के आधार पर कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा दल है. उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी देशभर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 चला रही है. इसके तहत मंडल और जिला स्तर पर 2-3 दिन के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की जनहित योजनाओं के बारे में जानकारी देना है.
सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए होता है. प्रशिक्षण वर्ग से कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण में निखार आता है. प्रशिक्षण से कार्यकर्ता में स्वयं का भी निखार आता है, जिससे पार्टी की कार्यपद्धति और विचारधारा को आगे बढ़ाना और आसान हो जाता है. भाजपा कार्यकर्ता के लिए सत्ता केवल जनता की सेवा करने का माध्यम है. पार्टी कार्यकर्ता जनता को बताएं कि मध्यप्रदेश सरकार जनता की सेवा का कार्य कर रही है. पार्टी कार्यकर्ता संगठन के कार्यों के साथ सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं
