चंडीगढ़ 13 अक्टूबर (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीफ खरीद सीजन-2026 के दौरान किसानों की फसल रखने के लिए मंडियों के अलावा अन्य उपयुक्त खुले स्थान भी चिन्हित किए जाएं। इन स्थानों पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध करने के साथ फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फेंसिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएं।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसानों की फसल को नुकसान नहीं होना चाहिए और मंडियों में फसल का उठान भी समय पर सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री सैनी मंगलवार को चंडीगढ़ में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद सीजन के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने और सुरक्षित रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुविधा और उनकी मेहनत से तैयार फसल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मंडियों में फसल उतारने और रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाया जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे। बारिश की संभावना को देखते हुए फसल को भीगने से बचाने और उसका समय पर उठान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और खरीद व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल निर्धारित स्थानों पर ही उतारें और उसे इधर-उधर रखने से बचें। इससे फसल की सुरक्षा के साथ मंडियों में व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के राज्य मंत्री राजेश नागर, प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार, महानिदेशक एवं सचिव अंशज सिंह, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।