
बैतूल। शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान आत्मदाह की धमकी देने वाले एक दुकानदार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार आरोपी अप्पू खान पर शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाने अभियान के दौरान दो दिन पहले आरोपी ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और चेतावनी दी कि दुकान हटाए जाने पर वह आत्मदाह कर लेगा। मौके पर मौजूद नगर पालिका अमले और पुलिस ने उसे समझाइश देकर शांत कराया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए संबंधित लोगों को सात दिन का अतिरिक्त समय दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
