
बड़ामलहरा। ग्राम सूरजपुरा में एक विवाह समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दूल्हे की सजी हुई मोरकार की चपेट में आने से एक वृद्ध की दर्दनाक मृत्यु हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटा वंशकार (70 वर्ष), निवासी बड़ामलहरा, अपने भांजे की बारात में शामिल होने के लिए ग्राम मातगुवां से सूरजपुरा पहुंचे थे। बारात के दौरान वह पैदल चल रहे थे, तभी दूल्हे के लिए सजाई गई मोरकार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों और उपस्थित लोगों ने उन्हें तत्काल बड़ामलहरा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
