
जबलपुर। महिला आरक्षण बिल पर घमासान शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए हैं। मंगलवार को आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान यश घनघोरिया ने कहा कि
भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों के साथ छल कर रही है और उन्हें वास्तविक राजनीतिक भागीदारी से वंचित रख रही है। भाजपा की नीतियां महिला विरोधी हैं और महिला आरक्षण बिल केवल दिखावे तक सीमित है। इस दौरान उन्होनें ये भी आरोप लगाए कि इस बिल के जरिए महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने के बजाय इसे राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर सरकार सिर्फ प्रचार कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
महिलाओं को मिले उनके वास्तविक अधिकार
पत्रकारवार्ता में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश ने राहुल गांधी के संसद में दिए गए बयान का भी उल्लेख किया गया, जिसमें उन्होंने महिला आरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा था कि महिलाओं को बराबरी का हक मिलना चाहिए और उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल किया जाना जरूरी है। युवा कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि महिला आरक्षण बिल को प्रभावी और पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए, ताकि महिलाओं को वास्तविक अधिकार और प्रतिनिधित्व मिल सके।
