करौंदिया में रात 3 तक चला रेस्क्यू, दोनों छात्रों के निकाले शव 50 फीट खदान में डूबे थे, 7 दोस्तों के साथ गए थे नहाने

उज्जैन। पानी से भरी खदान में 9 छात्र नहाने के लिए पहुंचे थे। गहराई में जाने पर दो छात्र डूब गए थे। दोस्तों की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम पहुंची थी। सोमवार मंगलवार रात 3.15 बजे तक चले रेस्क्यू के दौरान दोनों छात्रों के शव 50 से 55 फीट की गहराई से बाहर निकाल लिए गए।

नागझिरी थाना पुलिस को सोमवार शाम 4.30 बजे के लगभग सूचना मिली थी कि ग्राम करौंदिया स्थित खदान में दो छात्र डूब गए हैं। 9 छात्र नहाने के लिए पहुंचे थे सात किनारे पर ही थे जो बाहर आ गए हैं। दो छात्रों के डूबने की सूचना पर पुलिस करौंदिया पहुंची थी। दोनों को बाहर निकालने के लिए होमगार्ड एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया था। शाम 5 बजे के लगभग रेस्क्यू की शुरुआत हुई। लेकिन खदान की गहराई अधिक होने पर एसडीआरएफ जवानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गहराई में छात्रों का पता लगाने के लिए अंडर वॉटर कैमरा मंगवाया गया। इस दौरान सामने आया कि दोनों छात्र करीब 50 से 55 फीट गहराई में डूबे हैं। दोनों के शव बाहर निकालने के लिए डीप डायवर्स बुलाए गए। रात 10.15 बजे के लगभग एक छात्र शुभम पिता किरण जाटव का शव निकाल लिया गया। दूसरे के शव को निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। रेस्क्यू ऑपरेशन अंधेरा होने पर भी नहीं रोका गया। रात 3.15 बजे के लगभग दूसरे छात्र अनस पिता हमीद खान का शव भी एसडीआरएफ जवानों ने बाहर निकाल लिया। अनस अशोक नगर का रहने वाला था, शुभम किशनपुरा का निवासी था। मंगलवार सुबह पुलिस ने दोनों छात्रों के पोस्टमार्टम करवाए। इस दौरान सामने आया कि शुभम परिवार का एकलौता पुत्र था। पिता पेंटरी का काम करते हैं। अनस की तीन बहनें और एक भाई है। पिता ड्रायवरी करते हैं। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे गए हैं।

2 दिन पहले भी खदान पर गए थे सभी

बताया जा रहा है कि शुभम और अनस अपने 7 दोस्तों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर करौंदिया स्थित खदान नहाने पहुंचे थे। घर से कोचिंग पर जाने का बोलकर निकले थे लेकिन खदान पर पहुंच गए थे। सभी छात्र दो दिन पहले भी करौंदिया खदान पहुंचे थे जहां उन्होंने फोटोग्राफी कर रील भी बनाई थी। गर्मी का मौसम होने पर दोबारा नहाने के लिए शहर से दूर करौंदिया खदान पहुंच गए थे। सीएसपी श्वेता गुप्ता के अनुसार दोनों छात्रों के शव मिलने के बाद उनके दोस्तों से पूछताछ की जाएगी।

Next Post

54 लीटर अवैध शराब जप्त, तस्कर गिरफ्तार  

Tue Apr 21 , 2026
भोपाल। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को 54 लीटर अवैध शराब को जब्त किया गया जिसकी बाजार में 22 हजार 8 सौ रुपए बताई गई है. पुलिस से प्राप्त जाानकारी के अनुसार शाहजहांनाबाद थाने को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी दीपक रावत पिता जगदीश राबत आयु 23 […]

You May Like