
रतलाम/ताल। जिले के ताल कस्बे में विवाह समारोह के दौरान हुए डीजे विवाद में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों समेत दो विधि विरुद्ध बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 20 मार्च को ताल के भोई मोहल्ले में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हुआ। फरियादी पक्ष द्वारा आपत्ति जताने पर डीजे संचालक माखन उर्फ राहुल कुमावत और उसके साथियों ने दिलीप माली के साथ मारपीट की।
इसी दौरान आरोपी माखन कुमावत ने दिलीप के पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए विनोद भोई और समरथ भोई के साथ भी आरोपियों ने लोहे के पाइप से मारपीट की। घायल दिलीप को इलाज के लिए रतलाम ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी माखन उर्फ राहुल कुमावत (26) निवासी मंदसौर, बापू कहार (30) निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान), हरीश भोई (22) निवासी मंदसौर तथा दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, लोहे का पाइप और डीजे वाहन (एमपी13 जीए5099) जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना ताल सहित बरखेड़ाकलां, आलोट और विभिन्न चौकियों की टीमों की अहम भूमिका रही।
तनाव के चलते थाने पर अतिरिक्त बल तैनात
घटना के बाद थाना ताल में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों का अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया।
