
भोपाल। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने महिला आरक्षण के नाम पर 27 अप्रैल 2026 को विशेष विधानसभा सत्र बुलाने के मध्य प्रदेश सरकार के निर्णय पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का महिलाओं के अधिकार और आरक्षण के मुद्दे पर रुख हमेशा स्पष्ट और मजबूत रहा है।
सिंघार ने आरोप लगाया कि “नारी शक्ति” के नाम पर राजनीतिक अवसर दिखाई देते ही इस तरह के विशेष सत्र बुलाए जाते हैं। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस 543 लोकसभा सीटों पर महिलाओं को आरक्षण देने के पक्ष में है और किसी भी ईमानदार पहल का समर्थन करेगी।
हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महिला सशक्तिकरण की आड़ में संविधान से छेड़छाड़ की कोशिश की गई, तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए दूषित कफ सिरप से मौत, असुरक्षित पेयजल, नवजात शिशुओं की सुरक्षा में लापरवाही तथा ओबीसी और आदिवासी वर्ग के साथ अन्याय जैसे मुद्दे भी उठाए।
