
मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक एवं सहायक संचालक सिझोरा द्वारा सिझोरा वन परिक्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कक्ष क्रमांक आरएफ-37 के तहत 30 हेक्टेयर क्षेत्र में एनपीवी मद से किए जा रहे आरडीएफ रोपण कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र संचालक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पौधारोपण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जहां-जहां पौधे सूख गए हैं, वहां तुरंत नए पौधे लगाए जाएं। इसके साथ ही निदाई-गुड़ाई और खरपतवार हटाने का कार्य भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र संचालक ने कहा कि वनरोपण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उत्तरजीविता दर बढ़ाने के लिए लगातार निगरानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यों में भी गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। कर्मचारियों की समस्याओं को भी अधिकारियों ने सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
अधिकारियों ने यह भी कहा कि वन सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए नियमित वन भ्रमण और निगरानी अनिवार्य है, ताकि अवैध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई हो सके। क्षेत्र संचालक ने कहा कि संरक्षण के कार्यों में वन कर्मियों की जिम्मेदारी बेहद अहम है और वनों को सुरक्षित रखने के लिए सजगता जरूरी है।
