
शिवपुरी। जिले के पिछोर नगर में अज्ञात चोरों ने बस स्टैंड और छत्रसाल बाजार क्षेत्र में ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बदमाश न सिर्फ दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे, बल्कि सबूत मिटाने के इरादे से सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
छत्रसाल बाजार स्थित दुकान संचालक नरेंद्र गुप्ता को पड़ोसी द्वारा सूचना दी गई कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे और एलईडी तोड़े जा चुके थे। गल्ले से करीब 2 से 3 हजार रुपए नकद गायब थे। इसी क्रम में पास ही स्थित शौकत की फल दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां से करीब 5 से 6 हजार रुपए नकद के साथ-साथ फल भी चोरी कर लिए गए। वहीं दानिश कुरैशी की दुकान के ताले भी टूटे पाए गए, जिससे यह साफ है कि चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से एक के बाद एक दुकानों को निशाना बनाया। पुलिस पड़ताल में जुटी है।
