
छतरपुर। ऐतिहासिक गौरव और पारिवारिक संस्कारों की मजबूत नींव पर खड़ी सफलता की मिसाल पेश करते हुए छतरपुर की प्रतिभाशाली बेटी रक्षा पहारिया का चयन विश्व की अग्रणी तकनीकी कंपनी गूगल में हुआ है। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
रक्षा पहारिया का संबंध उत्तर प्रदेश के कोंच के उस ऐतिहासिक परिवार से है, जिसकी तीन पीढ़ियां नमक सत्याग्रह के दौरान एक साथ जेल गई थीं। परिवार की बौद्धिक विरासत और शैक्षिक संस्कारों के बीच पली-बढ़ीं रक्षा ने IIEST Shibpur, कोलकाता से कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में बी.टेक किया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अगस्त 2025 में दादी के निधन के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और Wells Fargo में कार्य करते हुए अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहीं। आज Google में चयन उनकी मेहनत, समर्पण और परिवार के सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है, जिससे छतरपुर सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
