
इंदौर. शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत हेलमेट पहनकर लोगों को जागरूक करने वाले दिव्यांग दम्पति को पुलिस कमिश्नर ने सम्मानित किया. पलासिया चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद वाहन चालकों को हेलमेट भी वितरित किए.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में मंगलवार 21 अप्रैल को ट्रैफिक पुलिस द्वारा हेलमेट पहनें सुरक्षित रहें अभियान चलाया. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह, डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. नियमों का पालन करने वाले चालकों को हेलमेट दिए, वहीं उल्लंघन करने वालों के चालान कर उन्हें सुरक्षा का महत्व समझाया. कार्यक्रम में एक दिव्यांग ई-ट्राइसिकल दम्पति, जो फूड डिलीवरी का काम करते हैं और हमेशा हेलमेट पहनते हैं, उन्हें शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. साथ ही स्वेच्छा से हेलमेट पहनने वाले जिम्मेदार चालकों को भी पुरस्कृत किया. डीसीपी राजेश त्रिपाठी का कहना है कि हेलमेट अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का पालन कराने के लिए जागरूकता के साथ सख्ती भी बरती जाएगी. यातायात पुलिस अब तक 28 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 4070 से अधिक हेलमेट वितरित कर चुकी है. अभियान का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर हादसों में कमी लाना है.
