
भिंड। जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के कैथोदा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब युवक एक निमंत्रण कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे रोककर विवाद किया और फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मृतक गिर्राज गुर्जर और मुख्य आरोपी आसवीर गुर्जर के बीच पुराना विवाद चल रहा था। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उनके संबंध बिगड़ गए और यह रंजिश समय के साथ गहरी होती चली गई।
गिर्राज गुर्जर अपने साथियों के साथ खैरिया गांव से एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होकर कैथोदा लौट रहा था। गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों आसवीर गुर्जर, रामभान गुर्जर, अमर सिंह गुर्जर, नीटू गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर ने उसका रास्ता रोक लिया।आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और हाथापाई की। विवाद बढ़ने पर मुख्य आरोपी आसवीर गुर्जर ने बंदूक से गिर्राज के सीने में गोली मार दी। इसके बाद अमर सिंह गुर्जर ने भी फायर किया, जबकि अन्य आरोपी उकसाते रहे। गोली लगते ही गिर्राज जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
