जबलपुर: जहां मर्जी वहां बसों को रोकने वालोंं पर पुलिस, नगर निगम, आरीटीओ ने संयुक्त कार्रवाई शुरू कर दी है । सोमवार को शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अचानक दीनदयाल चौक पर औचक दबिश दी यातायात में बाधा डालने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमों का उल्लंघन करने वाली 6 बसों को जब्त कर लिया है।
एसडीएम अधारताल ने बताया कि काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि बस स्टैंड से आने-जाने वाली बसें दीनदयाल चौक के पास मुख्य सडक़ पर ही रुक जाती हैं। तय स्टॉप न होने के बावजूद भी ड्राइवर बीच सडक़ पर बसें खड़ी कर सवारी उतारते और बैठाते थे। इस मनमानी की वजह से वहां हर समय ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी और आम जनता को भारी असुविधा हो रही थी।
ये बसें हुई जब्त
जब्त की गई बसों में एमपी 20 जेड एफ 9111, एमपी 20 जेड डब्ल्यू 1917, एमपी 20 पीए 1628, एमपी 04 पीए 2863, एमपी 20 जेड एच 9500, एमपी 34 पी 4205 एवं एमपी 17 जेड एफ को जप्त किया गया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि उक्त बसों में से एमपी 20 जेड एच 9500 को बारात परमिट होने से छोड़ा गया तथा एमपी 17 जेड एफ 9902 को 10 हजार रूपये की चालानी कार्यवाही की जाकर छोड़ा गया है।
बसें केवल निर्धारित स्टॉप पर ही रोकें
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने बस संचालकों और ड्राइवरों को सख्त निर्देश दिये है कि वे अपनी बसें केवल निर्धारित स्टॉप पर ही रोकें और सडक़ पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर जाम की स्थिति पैदा न करें, अन्यथा सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
