ताल में हिंसा के बाद तीन बारातें बिना दुल्हन लौटीं
रतलाम। जिले के ताल नगर में रविवार रात एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब डीजे बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस घटना में 23 वर्षीय दिलीप माली की मौत हो गई, जबकि विनोद भोई और समरथ भोई सहित अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं ताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार ताल नगर में एक ही परिवार की तीन बेटियों की शादी थी, जिसके चलते रूनीजा, बसाड़ और उणी से तीन अलग-अलग बारातें आई थीं। रात करीब साढ़े 9 बजे बारातों के दौरान डीजे संचालकों के बीच प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद शुरू हो गया। माइक पर गाली-गलौज और एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिश ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
बताया जा रहा है कि जब बारात धर्मशाला पहुंची और शादी की रस्में चल रही थीं, तभी डीजे संचालकों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इस दौरान ताल निवासी दिलीप माली ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि मंदसौर निवासी डीजे संचालक लखन कुमावत ने उससे अभद्र व्यवहार करते हुए चाकू से हमला कर दिया। इसके साथ ही अन्य आरोपियों ने भी लोहे के पाइप और डंडों से मारपीट की, जिससे दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत ताल अस्पताल पहुंचाया, जहां से दिलीप की हालत नाजुक होने पर उसे रतलाम रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं ताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्रामीणों और परिजनों ने थाने पहुंच सौंपा ज्ञापन
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण ताल थाने पहुंचे और ज्ञापन पुलिस प्रशासन को सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाजजनों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दर्दनाक घटना का असर शादी समारोह पर भी पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि तीनों बेटियों की शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं और तीनों बारातें बिना फेरे के ही लौट गईं। परिजनों के अनुसार विवाद एक ही डीजे पक्ष से जुड़ा था, जबकि अन्य बारातों का इस घटना से कोई संबंध नहीं था।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल रह सके।
