राजशाही, 20 अप्रैल (वार्ता) शर्मिन अख्तर (86) और शोभना मोस्तारी (रिटायर हर्ट, एक विकेट और 41 रन) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत बंगलादेश की महिला टीम ने सोमवार को पहले एकदिवसीय मुकबाले में श्रीलंका की टीम को नौ गेंदें शेष रहते तीन विकेट से हरा दिया। इसी के साथ बंगलादेश ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली हैं। आज यहां श्रीलंका की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने इमेशा दुलानी (52), हंसिमा करुणरत्ने (54), कविशा दिलहारी (30), कप्तान हसिनी परेरा (27) और कौशिनी नुथ्यंगना (18) रन के योगदान से निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 205 रनों का स्कोर बनाया। श्रीलंका के छह बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। बंगलादेश के लिए रितु मोनी ने तीन विकेट लिये। नाहिदा अख्तर को दो विकेट मिले। मारुफा अख्तर, सुल्ताना खातून, राबेया खान और शोभना मोस्तरी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की महिला टीम ने 48.3 ओवरों में सात विकेट पर 206 रन बनाकर मुकाबला तीन विकेट से अपने नाम कर लिया। शर्मिन अख्तर ने बंगलादेश के लिए सर्वाधिक 86 रनों की पारी खेली। उन्होंने 127 गेंदों का सामना किया और 13 चौके लगाये। शोभना मोस्तारी 41 रन बनाकर रिटायर हर्ट हुई। शोर्ना अख्तर ने 35 रनों का योगदान दिया। कप्तान निगार सुल्ताना ने (13) रन बनाये। श्रीलंका महिला टीम के लिए देउमी विहंगा ने तीन विकेट लिये। मालकी मदारा को दो विकेट मिले। निमाशा मीपेज, इनोका राणावीरा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

