सिंगरौली : जिला की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके के एवं राज्यमंत्री राधा सिंह के उपस्थिति में जिपं सभागार में सशक्त नारी सशक्त समाज, नारी सम्मान देश का अभिमान, विषय पर पंचायती राज संस्थाओं में महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर विस्तृत संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा उन्हें निर्णय प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला सरपंच, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं नेतृत्व करती हैं, तो विकास कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनकल्याण की भावना और अधिक प्रभावी रूप से सामने आती है। उन्होंने कहा कि सरपंच के पास वह क्षमता और साहस होता है, जिससे वह अपनी पंचायत के दायित्वों को कुशलतापूर्वक निभा सकती है और आवश्यकता पड़ने पर बड़े स्तर की जिम्मेदारियां भी संभाल सकती है।
महिला प्रतिनिधियों को अपने नेतृत्व कौशल का बेहतर उपयोग करते हुए पंचायत के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर राज्यमंत्री राधा सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक राम निवास शाह, विधायक राजेन्द्र मेश्राम, जिपं सोनम सिंह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, जिपं सीईओ जगदीश गोमे, जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक, जनपद अध्यक्ष चितरंगी सिया दुलारी, जिला पंचायत सदस्य सविता प्रजापति सहित अन्य मौजूद रहे।
