ग्वालियर: वरिष्ठ भाजपा नेता स्व. राजकुमार बंसल के पंचम पुण्य स्मरण के अवसर पर निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन आगामी 25 अप्रैल, शनिवार को किया गया है। यह शिविर किडीज कार्नर स्कूल, गणेश कालोनी, नया बाजार पर होगा। शिविर प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। शिविर में मरीजों की जांच कर परामर्श सुविख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ जीबी पंत हास्पीटल नई दिल्ली के डॉ. जमाल यूसुफ देंगे।
शिविर के लिये रजिस्ट्रेशन आज रविवार 19 अप्रैल से प्रारंभ हो गए हैं। रजिस्ट्रेशन के लिये नया बाजार स्थित बंसल मेडीकल पर संपर्क किया जा सकता है। शिविर आयोजक धीरज राजकुमार बंसल ने बताया कि मप्र स्टेट फार्मेसी काउंसिल मप्र शासन के पूर्व सदस्य और नेहरू युवा केन्द्र के पूर्व सदस्य स्व. राजकुमार बंसल की 5वीं पुण्यतिथि 25 अप्रैल, शनिवार को है। स्व. बंसल की स्मृति में निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का यह चतुर्थ आयोजन है।
पिछले आयोजित शिविरों में हजारों मरीज लाभ उठा चुके है। निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर के लिये तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। 25 अप्रैल को प्रातः 10 बजे स्व. राजकुमार बंसल की पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया है। इस सभा में सुविख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ जीबी पंत हास्पीटल के डॉ. जमाल यूसुफ का उदबोधन होगा।इससे पहले पुष्पांजलि सभा में राजनेता, समाजसेवी, शहरवासी एवं परिवारीजन स्व. बंसल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रातः 11 बजे निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का शुभारंभ होगा।
