दमोह: सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया है. शनिवार रात एक पक्ष की खुशी किन्नर ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि छह किन्नरों ने उसके साथ मारपीट की, बाल काटे और उसके गुरु की हत्या की धमकी दी है.खुशी किन्नर, जो बिलवारी मोहल्ले में रहती हैं और शादी-ब्याह जैसे शुभ अवसरों पर मांगने का काम करती हैं ने बताया कि किन्नर गुड़िया नायक उनसे एक लाख रुपये की मांग करती है.
शनिवार रात, गुड़िया नायक, आशा, जोया, शब्बो और मीना किन्नर ने उनके घर में घुसकर उन पर हमला किया, उनके बाल काट दिए और पेट में चाकू मारने का प्रयास किया.हमले के बाद ये सभी किन्नर भाग गए. खुशी ने अपने गुरु पिंकी नायक को इस घटना की जानकारी दी, जो हटा में रहते हैं. इसके बाद वे कोतवाली पहुंचे और अपने खिलाफ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई.खुशी का कहना है कि गुड़िया नायक ने धमकी दी है कि वे उनके गुरु पिंकी नायक की हत्या कर देंगे और सांप्रदायिक हिंसा फैलाएंगे.
खुशी ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है और कहा है कि यदि उन्हें या उनके गुरु को कुछ होता है, तो इसके लिए ये सभी किन्नर जिम्मेदार होंगे.पिंकी नायक ने बताया कि खुशी उनकी चेला है और दमोह में बाहरी गुरु के पास रहती है. गुड़िया और अन्य किन्नरों ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर मारपीट की. पिंकी ने कहा कि सागर में चल रहे किन्नर विवाद में वे किरण गुरु के पक्ष में हैं, जो गुड़िया और अन्य किन्नरों को नागवार गुजरी है.टीआई कोतवाली मनीष कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
