सिंगरौली बैंक डकैती: बिहार से एक आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख कैश और सोना बरामद

सिंगरौली: जिले के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस कांड के एक आरोपी कमलेश कुमार को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 15.72 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोना बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस ट्रेन से अपने गांव लौट रहा था, तभी उसकी संदिग्ध गतिविधियों के चलते आरपीएफ ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में सफर के दौरान आरोपी की हरकतें संदिग्ध लगीं, जिस पर नजर रखी गई। डेहरी स्टेशन पहुंचने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में टालमटोल करने के बाद सख्ती बरतने पर आरोपी ने सिंगरौली बैंक डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के ग्वाल बिगहा गांव का निवासी है। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
15-20 मिनट में वारदात, हथियारों के दम पर लूट
17 अप्रैल को हुई इस घटना में पांच हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसकर महज 15-20 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने पिस्टल और कट्टे के दम पर बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई गई। ग्राहकों के मोबाइल फोन एकत्र कर लिए गए और जरा सी हलचल पर गोली मारने की धमकी दी गई। बैंक मैनेजर को धमकाकर गोल्ड लोन लॉकर की चाबियां ली गईं और करीब ढाई किलो सोने के जेवरात के साथ 20 लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली गई।
फरार आरोपियों की तलाश तेज, 50 हजार का इनाम घोषित
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दो बाइकों से फरार हो गए थे। पुलिस को मौके से एक कट्टा बरामद हुआ है, जबकि सीसीटीवी फुटेज में तीन आरोपियों के चेहरे स्पष्ट दिखे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी बढ़ा दी है और कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को जल्द ही पूरे गिरोह के खुलासे की उम्मीद है।

Next Post

आसमान से बरस रही आग 42 डिग्री पार पहुंचा तापमान

Sun Apr 19 , 2026
सिंगरौली : ऊर्जानगरी में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आज रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। आसमान से आग बरसती नजर आ रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दोपहर के समय […]

You May Like