मैहर आस्था, साहस और अनोखे जुनून की मिसाल पेश करते हुए तेलंगाना के निर्मल जिले का युवक किरण राठौड़ स्केटिंग के जरिए 3000 किलोमीटर की धार्मिक यात्रा पर निकला है। 6 अप्रैल को अपने गृह जिले से शुरू हुई यह यात्रा अब मैहर जिले के झुकेही क्षेत्र तक पहुंच चुकी है। महज 13 दिनों में वह करीब 700 किलोमीटर का सफर तय कर चुका है।
किरण राठौड़ की यह अनोखी यात्रा देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों—काशी, अयोध्या, केदारनाथ, चारधाम और उज्जैन—तक जाएगी। उनका लक्ष्य करीब तीन महीने में इस लंबी यात्रा को पूरा करना है। खास बात यह है कि वह पूरे सफर के दौरान स्केटिंग के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।
यात्रा के दौरान किरण अपने साथ भगवा ध्वज और तिरंगा लेकर चल रहे हैं, जिससे उनकी धार्मिक आस्था और देशभक्ति दोनों का संदेश झलकता है। उन्होंने बताया कि दिनभर स्केटिंग करने के बाद जब थकान होती है, तो वे रास्ते में पड़ने वाले मंदिरों में रुककर विश्राम करते हैं और सुबह फिर अपने सफर पर निकल पड़ते हैं।
झुकेही पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने किरण का उत्साहवर्धन किया और उनकी इस अनोखी पहल की सराहना की। किरण का कहना है कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को फिटनेस, साहस और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना भी है।उनकी यह यात्रा न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह दिखाती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
