प्रत्येक बैंक अपनी सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर करें सुदृढ़: विकास

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा शुक्रवार की शाम एसबीआई मुख्य शाखा का निरीक्षण कर बैंक की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैंक परिसर की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अलार्म सिस्टम, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिले के सभी बैंकों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रत्येक बैंक अपनी सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करे। उन्होंने कहा कि सभी शाखाओं में सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित रहें, सुरक्षा उपकरण कार्यशील स्थिति में हों तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही बैंक परिसरों में प्रवेश-निकास की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने एवं आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ ग्राहकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से अपील की कि बैंक आने वाले नागरिकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा बैंक कर्मचारी ग्राहकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करें, जिससे आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। इस दौरान लीड बैंक प्रबंधक तथा शाखा प्रबंधक स्टेट बैंक उपस्थित रहे।

उधर, बैंकर्स के साथ बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रकरणों की स्वीकृति, वितरण एवं लंबित मामलों की स्थिति पर चर्चा करते हुए सभी बैंकों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जिले में आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं एवं स्वसहायता समूहों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसके लिए बैंकर्स सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में निर्देशित किया गया कि वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में ही विशेष अभियान चलाकर अधिकतम प्रकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। साथ ही प्रकरणों की गुणवत्ता (केस क्वालिटी) में सुधार लाने, दस्तावेजों की पूर्णता सुनिश्चित करने एवं अनावश्यक लंबित मामलों को शीघ्र निराकृत करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि वे ग्राहकों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें तथा योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक में पारदर्शी एवं सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखने पर बल देते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं बैंक मिलकर कार्य करें, ताकि जिले में स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार हो और अधिक से अधिक लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके।

Next Post

परासिया-चांदामेटा में गैस संकट: अब वैकल्पिक व्यवस्था से सिलेंडर का वितरण, 18 लाख का स्टॉक जब्त, एजेंसी संचालक पर केस

Sat Apr 18 , 2026
परासिया। परासिया चांदामेटा क्षेत्र में बढ़ती गैस सिलेंडर की किल्लत को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में एसडीएम शुभम कुमार यादव के निर्देशन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुजीत चौधरी ने पाटिल गैस एजेंसी के कार्यालय एवं गोदाम पर जांच कार्रवाई की। जांच के दौरान स्टॉक […]

You May Like