ईरान के तेल टैंकर को ‘भुगतान मुद्दों’ के कारण चीन मोड़े जाने की रिपोर्ट गलत: पेट्रोलियम मंत्रालय

ईरान के तेल टैंकर को 'भुगतान मुद्दों' के कारण चीन मोड़े जाने की रिपोर्ट गलत: पेट्रोलियम मंत्रालय

नयी दिल्ली 04 अप्रैल (वार्ता) पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने उन मीडिया रिपोर्टों को गलत बताया है जिनमें कहा गया है कि ईरान से कच्चा तेल लेकर आ रहे तेल टैंकर को ‘भुगतान मुद्दों’ के कारण भारत के बजाय चीन की ओर मोड़ दिया गया है। मंत्रालय ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कहा कि समाचार रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्टों में किया गया यह दावा कि ईरानी कच्चे तेल का एक कार्गो “भुगतान मुद्दों” के कारण वाडिनार, भारत से चीन की ओर मोड़ दिया गया है, तथ्यात्मक रूप से गलत है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारतीय रिफाइनरियों ने अपनी कच्चे तेल की आवश्यकताओं को सुरक्षित कर लिया है, जिसमें ईरान से भी आपूर्ति शामिल है और अफवाहों के विपरीत, ईरानी कच्चे तेल के आयात के लिए कोई भुगतान बाधा नहीं है।

गुरुवार को शिप ट्रैकिंग साइट के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि करीब छह लाख बैरल कच्चा तेल लेकर इस्वातिनी के ध्वज वाला टैंकर भारत के वाडिनार बंदरगाह पर आ रहा है। हालाकि जहाजरानी मंत्रालय ने कहा था कि उसे इस टैंकर के बारे में विशेष जानकारी नहीं है। शुक्रवार को इस साइट के हवाले से खबरों में कहा गया कि पिंग शुन नामका यह टैंकर चीन के बंदरगाह डोंगयिंग की ओर बढ रहा है। इसके बाद मीडिया की रिपोर्टों में कहा गया कि यह इस टैंकर को ‘भुगतान मुद्दों’ के कारण चीन मोड़ दिया गया है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा,” समाचार रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्टों में यह दावा कि ईरानी कच्चे तेल का एक कार्गो “भुगतान मुद्दों” के कारण वाडिनार, भारत से चीन की ओर मोड़ दिया गया है, तथ्यात्मक रूप से गलत है। भारत 40 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात करता है, और कंपनियों को वाणिज्यिक विचारों के आधार पर विभिन्न स्रोतों और भौगोलिक क्षेत्रों से तेल प्राप्त करने का पूरा लचीलापन प्राप्त है। पश्चिम एशिया में आपूर्ति बाधाओं के बीच, भारतीय रिफाइनरियों ने अपनी कच्चे तेल की आवश्यकताओं को सुरक्षित कर लिया है, जिसमें ईरान से भी आपूर्ति शामिल है; और प्रचलित अफवाहों के विपरीत, ईरानी कच्चे तेल के आयात के लिए कोई भुगतान बाधा नहीं है।” मंत्रालय ने कहा ,” जहाज के मार्ग परिवर्तन के दावों में तेल व्यापार के काम करने के तरीके की अनदेखी की गई है। बिल ऑफ लैडिंग में अक्सर संभावित उतराई बंदरगाहों के गंतव्य दर्ज होते हैं और समुद्र में चल रहे कार्गो व्यापार अनुकूलन और परिचालन लचीलापन के आधार पर यात्रा के बीच में अपना गंतव्य बदल सकते हैं। यह पुनः स्पष्ट किया जाता है कि भारत की कच्चे तेल की आवश्यकताएं आने वाले महीनों के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं।” मंत्रालय ने कहा है कि एलपीजी के संबंध में भी, किए जा रहे कुछ दावे गलत हैं, क्योंकि एलपीजी जहाज “सी बर्ड”, जो लगभग 44 टन ईरानी एलपीजी लेकर आया है दो अप्रैल को मैंगलोर, भारत पहुंचा था और अभी वह माल उतार रहा है।

Next Post

चुनाव आयोग ने ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अपील की

Sat Apr 4 , 2026
नयी दिल्ली, 04 अप्रैल (वार्ता) चुनाव आयोग ने आगामी विधानसभा चुनाव और उपचुनावों को लेकर डिजिटल पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए नागरिकों से ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अपील की है। आयोग ने शनिवार को कहा कि ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता अपने उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, […]

You May Like