
भोपाल। कोलार थाना इलाके में एक युवक की पांच बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. सभी बदमाश मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. मुख्य बदमाश चार दिन पहले सजा काट कर जेल से बाहर आया था.
जानकारी के मुताबिक निखिल सितोले (22) निवासी दामखेड़ा शुक्रवार को देर रात अपने घर के बाहर खड़ा था. इस दौरान जेल से सजा काट कर बाहर आए बदमाश गोविंद मालवीय के साथ उसके साथी आशीष, धनु, जुगल और गन्नू भी वहां पहुंचे. आरोप है कि बदमाशों ने निखिल के साथ पहले विवाद करना शुरू किया. इसके बाद बदमाशों ने निखिल पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे निखिल की मौत हो गई. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस जबतक घटना स्थल पर पहुंचती मौका देखकर सभी बदमाश वहां से फरार हो गए. पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया है. फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने निखिल की हत्या पुरानी पुरानी रंजिश के चलते की. आरोप है कि बदमाश अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए दामखेड़ मोहल्ले में सरेआम गुंडागर्दी करते थे. निखिल इसका लगातार विरोध करता था. इस बात से खफा बदमाशों ने निखिल पर चाकू से हमला कर दिया. निखिल एक पुताई ठेकेदार के तौर पर काम करता था और बदमाशों के साथ पहले उसकी दोस्ती थी. निखिल अपने काम में मेहनत करने लगा और बदमाशों से उसने दूरी बना ली थी. निखिल की हत्या के मामले में मर्ग कायम कर कोलार पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
