इंदौर :के घनी आबादी वाले खजराना क्षेत्र में सिविल अस्पताल का न होना एक गंभीर समस्या है. वर्षों से लंबित इस मांग के कारण लाखों की आबादी मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है, जिससे लोगों को दूरदराज के सरकारी या महंगे निजी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. स्थानीय रहवासियों द्वारा वर्षों से अस्पताल की मांग की जा रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं.
सुविधा के अभाव में निवासियों को आपातकालीन स्थिति में महंगे निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है. दूरदराज के सरकारी अस्पतालों (जैसे एमवाय अस्पताल) तक जाने में मरीजों को समय और पैसे की भारी दिक्कत होती है. क्षेत्रवासी लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि खजराना में कम से कम 50-100 बिस्तरों वाला एक सिविल अस्पताल स्थापित किया जाए, ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके, लेकिन इस मांग पर प्रशासन ध्यान ही नहीं दे रहा है. इससे रहवासियों में आक्रोश है.
तेजी से विकसित हो रहे इंदौर शहर में बढ़ती आबादी के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग भी लगातार बढ़ रही है, खजराना क्षेत्र आज भी इस मूलभूत सुविधा से वंचित है. नगर निगम के वार्ड 38, 39 और 40 को समेटे इस क्षेत्र की आबादी करीब डेढ़ लाख है, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर, निम्न आय वर्ग और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार शामिल हैं. वर्तमान में छोटी बीमारियों से लेकर आपात स्थिति तक में लोगों को शहर के अन्य सरकारी अस्पतालों की ओर रुख करना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी बढ़ती है. हालांकि शासन स्तर पर सिविल अस्पताल की योजना तैयार बताई जाती है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते अब तक इसका क्रियान्वयन नहीं हो सका है. क्षेत्रवासियों ने जल्द अस्पताल निर्माण की मांग की है.
बाक्स…
यह बोले रहवासी
छोटी-छोटी बीमारी में भी दूर अस्पताल जाना पड़ता है, इसमें पैसे और समय दोनों की दिक्कत होती है. खजराना जैसे बड़े क्षेत्र में सिविल अस्पताल नहीं होना बहुत बड़ी परेशानी है. शासन को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए.
– नदीम खान
यहां निवासरत लोग मजदूरी करके परिवार चलाते हैं, ऐसे में इलाज के लिए उन्हें दूर जाना मुश्किल हो जाता है. कई बार काम छोड़ना पड़ता है. अगर यहां सिविल अस्पताल बन जाए तो गरीब लोगों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी.
– रेहान खान
खजराना की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाएं उस अनुपात में नहीं बढ़ीं, आपात स्थिति में समय पर इलाज नहीं मिल पाता. प्रशासन को जल्द अस्पताल निर्माण शुरू करना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुविधा मिल सके.
– रईस खान
