जनगणना प्रशिक्षण का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

मैहर :कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने शुक्रवार को विवेकानंद महाविद्यालय मैहर पहुंचकर जनगणना कार्य में संलग्न प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने कहा कि भारत की जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है, जिसे पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाना चाहिए।

उन्होंने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे त्रुटिहीन गणना सुनिश्चित करें तथा प्रशिक्षण के दौरान अपनी सभी शंकाओं का समाधान अवश्य कर लें, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी मैहर जितेंद्र पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि मैहर तहसील में कुल 540 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। वर्तमान में 513 प्रगणकों और 86 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने की स्वगणना करने की अपील
कलेक्टर मैहर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न की जा रही है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जायेगी तथा द्वितीय चरण में संख्या की गणना की जायेगी। कलेक्टर मैहर ने बताया कि 16 से 30 अप्रैल तक स्वगणना की सुविधा मैहर जिले में भी शुरू हो गई है। जिसमें नागरिक मोबाइल नम्बर से पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अपनी डिटेल भर सकते हैं। उन्होंने मैहर जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 16 से 30 अप्रैल तक स्वगणना पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज करें ताकि प्रक्रिया सुगम तेज और सटीक हो सके।

उन्होंने बताया कि इसके उपरांत 1 मई से प्रगणक घर-घर जाकर गणना की जानकारी भरेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनगणना कार्य पारदर्शी, समयबद्ध और डिजिटल तरीके से भी पूर्ण किया जाये। यह जनगणना पूर्ण रूप से डिजिटल होने के फलस्वरूप पारंपरिक तरीको की तुलना में अधिक सुविधाजनक और त्रुटिरहित होगी। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि 34 प्रश्नों वाले फार्म को सही-सही भरें और प्रगणक के आने पर अपना सेल्फ एन्युमेरेशन आईडी उपलब्ध कराये। जिले की जनगणना में स्वगणना की प्रक्रिया में शामिल होकर भारत की जनगणना को सफल बनाये।

Next Post

शेंगेन नियमों में सख्ती के जवाब में यूरोपीय लोगों के लिए अपनी सीमाएं बंद नहीं करेगा रूस : ग्रुश्को

Sat Apr 18 , 2026
मॉस्को, 18 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) रूस के उप विदेश मंत्री अलेक्जेंडर ग्रुश्को ने कहा कि रूस, रूसियों के लिए शेंगेन वीजा नियमों में सख्ती के जवाब में यूरोपीय लोगों के लिए अपनी सीमाएं बंद करने की योजना नहीं बना रहा है। श्री ग्रुश्को ने कहा, “हमारी ओर से, हम यूरोपीय नागरिकों […]

You May Like