
ग्वालियर। आम आदमी का निजी घर का सपना साकार करने के लिये ग्वालियर विकास प्राधिकरण बड़ा कदम उठा रहा है। प्राधिकरण जल्दी ही तीन से चार अन्य नई योजना भी ला रहा हैं। यह योजना अभी प्रारंभिक चरणों में प्रक्रिया में हैं। सबसे पहली योजना प्राधिकरण की टीडीएस 4 आने वाली है। यह योजना शताब्दीपुरम के बाद ग्वालियर विकास प्राधिकरण की दूसरी बड़ी योजना होगी, जिसमें 2500 और 3 हजार के बीच भूखंड आम हितग्राहियों को आवंटित किये जायेंगे।
टीडीएस 4 योजना ग्वालियर विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी योजना है। टीडीएस 4 योजना महाराजपुरा विमानतल से शताब्दीपुरम से साडा की ओर 9 किलोमीटर एरिया में बनेगी। योजना के लिये सभी औपचारिकताएं, नोटिफिकेशन आदि पूरे होकर डीपीआर भी बनकर आ गई है, जिसमे जीडीए बोर्ड व शासन से स्वीकृति भी मिल गई हैं। बोर्ड व शासन की स्वीकृति के बाद प्राधिकरण राजस्व विभाग के साथ सीमांकन का कार्य शुरू कर किसानों से एग्रीमेंट करेगा, फिर सीमा चिन्ह मुडिडयां आदि लगाई जायेंगी। इसी एग्रीमेंट प्रक्रिया के साथ टीडीएस 4 स्कीम में सड़क, सीवर, पानी, बिजली के पोल का प्राथमिक कार्य शुरू होगा। टीडीएस 4 स्कीम में एयरपोर्ट व साडा क्षेत्र के पुरानी छावनी होकर 11 गांवों की जमीन आयेगी। जिसकी रोड लंबाई 9 किलोमीटर होगी और 40 मीटर की फोरलेन रोड से टीडीएस 4 स्कीम जुड़ेगी। इस योजना में लखमीपुर, मऊ, विक्रमपुर, अकबरपुर, खालसा, जमाहर, जलालपुर, मालनपुर, गंगापुर, पुरानी छावनी, खेरियामान व रायरू आदि गांवों की जमीन मिलेंगी।
