भोपाल। नंदीश्वर जिनालय में भगवान धर्मनाथ स्वामी के गर्भ कल्याणक के अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में निर्यापक मुनि संभव सागर महाराज ने प्रवचन देते हुए कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, व्यक्ति को अपनी मानसिक स्थिति मजबूत रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विचार ही कर्म बनते हैं और उन्हीं के आधार पर अच्छे-बुरे परिणाम मिलते हैं, इसलिए मन को सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बनाना जरूरी है।
इससे पूर्व आचार्य विद्यासागर महाराज एवं आचार्य समय सागर महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया गया। जिनालय परिसर ‘हे स्वामी नमोस्तु’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। नौ मुनियों का नवधा भक्ति पूर्वक पाठ हुआ। दिनभर पूजा, जाप, तत्व चर्चा और आचार्य भक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
