जबलपुर : बरेला थाना अंतर्गत परतला चौराहे पर 9 अप्रैल की रात्रि हुई फायरिंग में फरार एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य की तलाश शुरू कर दी गई है ।
पुलिस के मुताबिक महगवां निवासी कपिल कुमार लोधी (21) अपने मामा भारत पटेल की बेटी के लगुन कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम परतला गया था। नौ अप्रैल की रात लगभग 8:30 बजे कपिल अपने चाचा दिनेश लोधी और भाई कमलेश उर्फ पंकज लोधी के साथ परतला चौराहा स्थित नोखेलाल की दुकान के पास खड़ा था।
इसी दौरान पड़वार रोड की ओर से एक काले रंग की स्कार्पियो से जमुनिया निवासी नितिन मिश्रा अपने एक साथी के साथ आया। नितिन मिश्रा ने विवाद करते हुए मनीष पटेल से मारपीट की उसे जबरन कार में घसीटने की कोशिश की। मनीष पटेल हाथ छुड़ाकर गांव की ओर भागा। आरोपी नितिन मिश्रा ने पिस्टल से फायर कर दिया था। निशाना चूकने के कारण गोली मनीष को न लगकर वहां खड़े कमलेश उर्फ पंकज लोधी को लग गई थी। मामले में पुलिस ने नितिन मिश्रा को गिरफ्तार किया इसके बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
