
सौसर। बुधवार को घोषित हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में सौसर के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। शिक्षा के क्षेत्र में उभरते इस अंचल के तीन होनहार छात्रों ने मध्य प्रदेश की टॉप-10 सूची स्टेट मेरिट में अपना नाम दर्ज कराकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इन मेधावियों की उपलब्धि पर समूचे जिले में हर्ष की लहर है।
*निकिता फरकसे ने हासिल किया तीसरा स्थान*
सांदीपनी स्कूल में अध्ययनरत छात्रा निकिता फरकसे पिता लक्ष्मण फरकसे ने परीक्षा में 497 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। निकिता की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और एकाग्रता से किसी भी मुकाम को पाया जा सकता है।
मोहित और आदर्श का भी दबदबा
प्रावीण्य सूची में सांदीपनी स्कूल के ही एक अन्य छात्र मोहित मुलमुले पिता वासुदेव मुलमुले ने 494 अंकों के साथ प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, बोरगांव स्थित लिटिल स्टेप स्कूल के छात्र आदर्श मानेराव पिता विष्णु मानेराव ने 492 अंक अर्जित कर प्रदेश की मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल किया।
*कलेक्टर ने किया सम्मानित*
छात्रों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए पांढुरना जिला मुख्यालय पर कलेक्टर द्वारा तीनों मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर ने छात्रों के साथ-साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने न केवल अपने परिवार का, बल्कि नवनिर्मित पांढुरना जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।
