
जबलपुर। पनागर थाना अंतर्गत ग्राम बड़ेरा कला में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिटायर्ड आर्मी मैन ने रसूखदार दोस्त के साथ शराब के नशे में सरेराह राइफल से हवाई फायरिंग कर गोलियां चला दी। खेत में गोलियों की आवाज गूंजी जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से प्रतिबंधित 303 राइफल, कारतूस और एक लग्जरी कार जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बीती रात सूचना मिली कि ग्राम बड़ेरा कला के पास कटैया मोड़ पर खेतों की ओर से गोलियां चलने की आवाज आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शी सिद्धार्थ पटेल ने पुलिस को बताया कि कुछ ही दूरी पर खड़ी एक ग्रे-काले रंग की महिंद्रा मेजर कार में सवार लोग हथियार लहरा रहे हैं और फायरिंग कर रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए संदिग्ध कार को चारों तरफ से घेर लिया। कार में सवार दोनों व्यक्ति नशे में इतने धुत्त थे कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अरुण चिंगप्पा (62) निवासी आदर्श नगर, रामपुर चौक और गार्डन पॉप्टिस (61) निवासी बिलहरी बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार से एक 303 राइफल और एक 22 बोर की बंदूक मिली। जब पुलिस ने इनसे हथियारों के वैध लाइसेंस मांगे, तो आरोपियों ने लाइसेंस दिखाने से साफ इनकार कर दिया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जोश में आकर हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने मौके से एक .303 राइफल और 22 बोर बंदूक, मैगजीन में लोड 2 जिंदा कारतूस, एक अलग कारतूस और एक खाली खोखा, महिंद्रा मेजर कार क्रमांक केए 12 एन 4252 को जप्त किया। रिटायर्ड आर्मी मैन अरूण चिंगप्पा पिता स्व. सैमुअल चिंगप्पा एवं गार्डन पॉप्टिस पिता स्व. सी. जे. पॉप्टिस के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
