नवरात्र में माता टेकरी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

देवास। शारदीय नवरात्र में माता टेकरी पर आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। दिन हो या रात, मां के दरबार में पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा। हाथों में पूजा की थाली, जुबां पर माता रानी के जयकारे और मन में दर्शन की अभिलाषा लिए भक्त लगातार टेकरी पहुंच रहे हैं। ‘जय माता दी’ के जयकारों से टेकरी गूंज रही है। मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इस बार 12 लाख के पार पहुंच गई है। बीते दो दिनों में करीब 6 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

शुक्रवार रात से बढ़ा भक्तों के पहुंचने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। रविवार को अवकाश के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के माता के दरबार में पहुंचने का सिलसिला बना रहा। माता टेकरी पर शुक्रवार शाम से ही दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ने लगी थी। रात गहराने के साथ ही भक्तों की आवाजाही भी तेज हो गई। शनिवार को भी दिनभर श्रद्धालु पहुंचते रहे और शाम होते ही एक बार फिर भीड़ बढ़ने लगी। माता के दरबार के पट रातभर खुले होने से श्रद्धालु दर्शनार्थ पहुंचते रहे। परिवारों के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं से लेकर युवाओं की टोलियों तक, हर तरफ माता के जयकारे सुनाई देते रहे। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए दर्शनार्थियों को टेकरी पर बने जिगजैग मार्गों से आगे बढ़ाया गया, ताकि एक साथ अधिक लोगों के पहुंचने पर व्यवस्था प्रभावित न हो।

पहले दिन से ही उमड़ रहे भक्त-

नवरात्र के पहले दिन रविवार होने के कारण डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु माता टेकरी पहुंचे थे। इसके बाद से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए आ रहे हैं। शुक्रवार से रविवार के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही में तेजी बनी रही। देवास के अलावा इंदौर और आसपास के जिलों से भी लोग मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इंदौर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण इंदौर-देवास मार्ग पर यातायात का दबाव बना रहा। कई बार वाहनों की कतारें लगने से जाम की स्थिति भी बनी। रविवार को अवकाश के कारण माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। ऐसे में टेकरी के आसपास के मार्गों के साथ शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी चुनौती रहा। प्रशासन और पुलिस की ओर से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा पार्किंग के इंतजाम किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए पहुंचने में अनावश्यक परेशानी न हो।

जयकारों के बीच भंडारों में सेवा-

माता टेकरी की ओर जाने वाले मार्गों पर इन दिनों भक्ति के साथ सेवा का माहौल भी दिखाई दे रहा है। श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए विभिन्न आयोजन समितियों की ओर से भंडारे लगाए गए हैं। एबी रोड पर जगह-जगह मंच बनाकर खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है। रसूलपुर बायपास से स्टेशन रोड चौराहे तक कई स्थानों पर खिचड़ी, दूध, फल और अन्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है। मां चामुंडा सेवा समिति, शिवशक्ति सेवा मंडल, संस्था अनंता परिवार, श्री केदारेश्वर समिति, संस्था श्री विश्व राजा, संस्था आदिशक्ति सहित कई संस्थाएं सेवा पंडाल लगाकर मातारानी के भक्ताें की आवभगत में लगी हुई है। भक्तों को स्वादिष्ट फलिहारी व्यंजन वितरित किए जा रहे हैं। आलूबड़े, साबूदाना बड़ा, साबूदाना खिचड़ी, दूध, शिकंजी, कलाकंद, हलवा, आलू पेटिश, चाय सहित विविध प्रकार के व्यंजन वितरित हो रहे हैं। भंडारे का यह क्रम इंदौर रोड और माता टेकरी पहुंच मार्ग पर है। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु इन सेवा स्थलों पर रुककर प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। भंडारों में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से कुछ स्थानों पर वाहनों की गति धीमी हुई और जाम जैसे हालात बने। आयोजन समितियों के सदस्यों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों और अन्य वॉलेंटियर्स ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर यातायात संभालने में सहयोग दिया। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को रास्ता बताने और भीड़ को व्यवस्थित करने में जुटे रहे।

एसपी ने पैदल भ्रमण कर देखी व्यवस्था-

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सड़कों पर वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने भी पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख मार्गों और भीड़ वाले स्थानों की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के देवास पहुंचने के कारण पुलिस के सामने दर्शन व्यवस्था के साथ शहर के यातायात को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है। यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए शनिवार शाम 6 बजे से बसों के शहर में प्रवेश पर रोक लगाई गई। उज्जैन की ओर से आने वाली बसों को इटावा बस स्टैंड पर रोका गया, जबकि भोपाल की ओर से आने वाली बसों को भोपाल चौराहे के पास ही रोकने की व्यवस्था की गई।

पार्किंग के लिए शिक्षा विभाग परिसर, निर्माणाधीन कलेक्टोरेट परिसर, उत्कृष्ट विद्यालय परिसर, नगर निगम परिसर और स्टेशन रोड क्षेत्र में इंतजाम किए गए। सभी पार्किंग स्थल वाहनों से भरे हुए थे।

Next Post

दिव्यांगजन एवं वृद्धजनो को कृत्रिम अंग उपकरण वितरण

Sun Oct 18 , 2026
ग्वालियर। महाराज बाड़ा स्थित गजराराजा राजा कन्या विद्यालय में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की पहल पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग, नगर निगम जनकल्याण विभाग, एवं ग्वालियर जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, रमन शिक्षा समिति, भारत सरकार के उपक्रम एलिमको ओर ब्रह्मकुमारी संस्था […]

You May Like