अंबेडकर जयंती रैली में विवाद : पत्थरबाजी और मारपीट में 14 लोग घायल

सीधी। जिले के अमिलिया कस्बे में आज दोपहर डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती की रैली के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। विवाद में 14 लोगों के घायल होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अमिलिया पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो को ज्यादा चोटें आई है।

रास्ते में खड़ी बोलेरो हटाने की बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि नकाबपोशों ने एक घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना में एक ही परिवार के चार लोग घायल हुए हैं जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से बाजार बंद करा दिया गया। विवाद थमने की बजाय बढ़ता गया और घायलो की संख्या भी बढ़ती गई। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने अमिलिया थाना में भी धावा बोला। यहां थाना प्रभारी एवं विवेचकों के कक्ष में भी पत्थरबाजी से कुछ पुलिस कर्मी भी चोटिल हो गये। उपद्रव में दो चार पहिया एवं पांच दो पहिया वाहनों को भी क्षति पहुंची। वहीं थाना परिसर में खिडक़ी, फर्नीचर आदि में भी तोडफ़ोड की गई। विवाद जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अंबेडकर जयंती पर भीम आर्मी रैली निकाल रही थी। इस दौरान राइस मिल के समीप रास्ते में एक बोलेरो खड़ी थी। भीम आर्मी के सदस्यों ने उसे रास्ते से हटाने के लिए बोला, इस दौरान कुछ लोगों ने गाड़ी में तोडफ़ोड़ कर दी। इसके बाद मनी शुक्ला ने विरोध करते हुए गाली-गलौज कर दी। तत्पश्चात दोनों पक्षों में झड़प हो गई और 50 नकाबपोश बदमाश घर पर पथराव करते हुए अंदर घुसे और मनी शुक्ला और परिवार के साथ मारपीट की तथा घर पर पत्थर मारे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बीच बचाव किया और मामला बढऩे पर दूसरे पक्ष ने भी मारपीट कर दी। नकाबपोशों के हमले में मनी शुक्ला 22 वर्ष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके साथ ही 80 वर्षीय बुजुर्ग रमाकांत शुक्ला, अर्चना शुक्ला 45 वर्ष और उनकी बेटी दिव्यांश शुक्ला 22 वर्ष को भी चोटें आई हैं। इस हमले के विरोध में स्थानीय लोगों ने दूसरे पक्ष के कुछ युवकों को घेरकर उनके साथ मारपीट की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

 

पुलिस छावनी में तब्दील अमिलिया, निकला फ्लैग मार्च-

 

 

घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अमिलिया, कमर्जी, बहरी थाना और सिहावल चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। आरंभ में अमिलिया कस्बे में 150 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किये गए। एहतियातन अमिलिया बाजार बंद करा दिया गया और पुलिस की गश्त शुरू हुई। स्थिति सामान्य बनाने पुलिस लाइन से भी पुलिस बल भेजा गया। अमिलिया में भारी संख्या में पुसि बल के पहुंचने पर स्थिति नियंत्रण में हुई और पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।

 

विवाद में ये हुये घायल-

अमिलिया में हुये विवाद में घायल हुये लोगों में अभिषेक शुक्ला पिता सुनील कुमार शुक्ला 30 वर्ष, अर्जुन सिंह चंदेल पिता बांके सिंह चंदेल 28 वर्ष, मनीष तिवारी पिता भाईलाल तिवारी 28 वर्ष, रमाकांत शुक्ला 80 वर्ष, मधु शुक्ला पिता खिलाय शुक्ला 22 वर्ष, सत्येन्द्र शुक्ला पिता रमाकांत शुक्ला 50 वर्ष, अर्चना शुक्ला 45 वर्ष सभी निवासी अमिलिया, शुभलायक साकेत पिता सतई साकेत 60 वर्ष, अजवेन्द्र बहादुर साकेत पिता शुभलायक साकेत 31 वर्ष, रामकुमार साकेत पिता बुद्धसेन साकेत 32 वर्ष, मोहित कुमार साकेत पिता रामबली साकेत सभी निवासी हटवाखास, पानकली साकेत मौहार, रमेश साकेत, राजेश साकेत, सुखसागर साकेत, छठीलाल साकेत शामिल हैं।

 

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी-

 

अमिलिया में घटना के बाद कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीएम सिहावल, तहसीलदार, नायब तहसीलदारों के साथ ही अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई, साथ ही सभी पक्षों से शांति बरतने की अपील की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के प्रयास से अमिलिया बाजार में विवाद की स्थिति शांत हुई। पुलिस द्वारा घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान के लिये सीसीटीव्ही कैमरों की मदद ली जा रही है। जिससे आरोपियों को नामजद किया जा सके।

 

 

कलेक्टर ने जिले के सभी वर्गों से शांति बनाए रखने की अपील –

 

 

अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान अमिलिया थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद की घटना सामने आई। इस दौरान दो चार पहिया एवं पांच दो पहिया वाहनों को क्षति पहुंची, वहीं थाना परिसर में खिड़की, फर्नीचर आदि में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में दोनों पक्षों से कुल 14 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 8 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 6 घायलों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं विभिन्न वर्गों को समझाइश देकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

प्रकरण में मारपीट, बलवा एवं शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कलेक्टर ने जिले के सभी वर्गों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इस घटना के अतिरिक्त पूरे जिले में अंबेडकर जयंती शांतिपूर्ण ढंग से मनाई जा रही है।

Next Post

10 हजार का फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार

Tue Apr 14 , 2026
इंदौर। शहर में नशे पर प्रहार अभियान के तहत नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने 6 साल से फरार और 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी फैजान खान को गिरफ्तार कर लिया है. डीएसपी संतोषसिंह हाड़ा ने बताया कि 26 वर्षीय आरोपी फैजान खान निवासी श्रीनगर एक्सटेंशन, […]

You May Like

मनोरंजन