ग्वालियर बस स्टैंड पर 680 किलोग्राम मावा जब्त, जांच हेतु नमूने लिए

ग्वालियर। सोमवार को ग्वालियर बस स्टैंड पर बसों एवं मावा परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान एक वाहन से 680 किलोग्राम मावा बरामद किया गया। मावा के नमूने लेकर शेष माल जब्त कर लिया गया है।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारी गिरीश राजौरिया एवं सतीश कुमार धाकड़ ने एक वाहन को रोककर जांच की। वाहन में 17 डालियों में मावा रखा हुआ पाया गया। प्रत्येक डलिया में लगभग 40 किलोग्राम मावा था। इस प्रकार कुल 680 किलोग्राम मावा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।

मावा के मालिक सुरेश गुप्ता, पुत्र कालीचरण गुप्ता, निवासी हरिबाबू का खरंजा, दत्तपुरा, मुरैना से मावा के दो नमूने लिए गए हैं। नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

*शीतला माता मंदिर पर प्रसाद की दुकानों का निरीक्षण*

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की दूसरी टीम ने शीतला माता मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच भी की गई।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रसाद बनाने में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन प्रमाण-पत्र दुकान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेड़ा, बर्फी एवं मिल्क केक जैसे प्रसाद सामग्री को अधिक दिनों तक रखकर उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई।

निरीक्षण करने वाली टीम में लोकेन्द्र सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, आनंद प्रकाश शर्मा एवं श्रीमती निरूपमा शर्मा शामिल रहे।

Next Post

गांधी चौराहे में पांच दशक से विराज रही मां दुर्गा की प्रतिमा

Mon Oct 19 , 2026
सीधी। गांधी चौराहे में पांच दशक से मां दुर्गा की प्रतिमा विराज रही हैं। शारदीय नवरात्रि में नौ दिन गांधी चौराहे में जगमग रोशनी और भक्तिमय वातावरण में मां के दर्शन करने भक्तों की भीड़ उमड़ती है। शहर के गांधी चौराहे में शारदीय नवरात्रि पर हर वर्ष स्थापित होने वाली […]

You May Like