इंदौर:नगर निगम ने आज बाणगंगा क्षेत्र की दो कॉलोनियों में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की. इस दौरान 16 अवैध रो हाउस और सड़क, ड्रेनेज लाइन पर बुलडोजर चलाकर जमीदोंज किया गया.नगर निगम द्वारा अवैध कॉलोनी के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है. आज निगम आयुक्त के निर्देश पर झोन-04 में अंजनी नगर एवं जगदीश नगर में निर्माणाधीन अवैध कॉलोनी एवं अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई. निगम रिमूवल दस्ते ने वार्ड 17 के अंजनी नगर नाले किनारे अवैध 4 रो हाउस और खसरा नंबर 242/1 बाणगंगा, तहसील मल्हारगंज के जगदीश नगर के पास 12 अवैध रो हाउस पर बुलडोजर से जमीदोंज करने की कार्रवाई की.
साथ ही खसरा नंबर 249/1 बाणगंगा में बिना डायवर्सन, बिना विकास अनुमति के 3 स्थानों अवैध कॉलोनी के निर्माणाधीन विकास कार्य सड़क-ड्रेनेज कार्यों को हटाने की कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान एसडीएम निधि वर्मा, तहसीलदार नारायण नांदेडा, भवन अधिकारी प्रभात तिवारी, बाणगंगा पुलिस थाना प्रभारी, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणी सहित बड़ी संख्या में प्रशासन, रिमूवल और पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद थे.
अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने की मनाही
नगर निगम ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि बिना अनुमति के निर्माणाधीन किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट की खरीदी नहीं करें. अवैध कॉलोनी निर्माण रोकथाम हेतु नगर निगम निरंतर कार्रवाई कर रहा है.
