
आलीराजपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के लिए पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने मंगलवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले भर के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, आधुनिक तकनीक के उपयोग और वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों के शत-प्रतिशत पालन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की शुरुआत पुलिस मुख्यालय भोपाल से हाल ही में पदोन्नत हुए अधिकारियों के सम्मान के साथ हुई। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल ने निरीक्षक गोपाल परमार और रक्षित निरीक्षक इनोद रंधावा को उप पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। इसी तरह उप निरीक्षक अजय वास्कले और सूबेदार अर्जुन वास्कले को निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने पर सम्मानित किया गया।
*ई-विवेचना से जांच होगी तेज और पारदर्शी*
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए 177 ई-विवेचना टैबलेट का वितरण रहा। पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुसंधान अधिकारियों को टैबलेट सौंपे।
अधिकारियों ने बताया कि अब अनुसंधान अधिकारी घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो, गवाहों के बयान, पंचनामा और जब्ती की रियल-टाइम डिजिटल एंट्री कर सकेंगे। इससे विवेचना प्रक्रिया तेज होगी, कागज और समय की बचत होगी, और आईसीजेएस के विभिन्न प्लेटफॉर्म तक जानकारी तुरंत पहुंच सकेगी। न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए डिजिटल साक्ष्यों की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
*लंबित प्रकरणों पर कड़ी निगरानी*
बैठक में लंबित अपराध, चालान, मर्ग, समन और वारंट की तामील, गुमशुदगी, शिकायतें, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण, महिला संबंधी अपराध और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के मामलों की थाना-वार समीक्षा की गई। जिन मामलों में अड़चन आ रही थी, वहां वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर मार्गदर्शन दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए। पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ कार्यालय से मिले निर्देशों का अक्षरशः पालन हो। अपराध नियंत्रण, विवेचना और न्यायालयीन कार्यवाही में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*पीएम राहवीर योजना पर भी चर्चा*
बैठक में प्रधानमंत्री राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और योजना के प्रचार-प्रसार के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में एसडीओपी अलीराजपुर-जोबट शक्तिसिंह चौहान, एसडीओपी आशुतोष, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा त्रिलोकसिंह पंवार, उप पुलिस अधीक्षक इनोद रंधावा, उप पुलिस अधीक्षक गोपाल परमार सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
