
मोहन बड़ोदिया/शाजापुर। मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र में सोमवार का दिन आगजनी की घटनाओं के नाम रहा. क्षेत्र के चार अलग-अलग ग्रामों – करजू, मोहनाए सागडिय़ा और टिगरिया में आग लगने से हडक़ंप मच गया. आग इतनी भीषण थी कि फॉरेस्ट के जंगल से लेकर किसानों के खेतों तक को अपनी चपेट में ले लिया.
सोमवार दोपहर सबसे भयावह स्थिति ग्राम करजू में देखने को मिली. यहां टॉवर के समीप स्थित फॉरेस्ट के जंगल में अज्ञात कारणों से आग लग गई. तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. मोहन बड़ोदिया थाने में फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण तत्काल बड़ागांव से दमकल बुलानी पड़ी. सूचना मिलते ही डायल 112 के पायलट संतोष मालवीय और थाने से अनिल सेन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए.
टिगरिया में किसान का नुकसान
ग्राम टिगरिया में आग की चपेट में आने से एक किसान का खेत जल गया. यहां खेत में रखा भारी मात्रा में भूसा और एक टपरी जलकर खाक हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों और प्राथमिक जांच के अनुसार संभवत: खेत के नरवाई जलाने के कारण यह हादसा हुआ है.
सागडिय़ा-मोहना के जंगल में भी लपटें…
आगजनी की दूसरी घटना सागडिय़ा के महादेव शिव पहाड़ी क्षेत्र में हुई. जहां जंगल में आग फैल गई. घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया जा सका. इसी तरह मोहना से भी आगजनी की सूचना प्राप्त हुई, जिसने प्रशासन को दौडऩे पर मजबूर कर दिया.
इनका कहना है
सोमवार शाम तक आगजनी की इन घटनाओं के संबंध में किसी भी पक्ष द्वारा थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
– अरविंद सिंह तोमर, थाना प्रभारी, मोहन बड़ोदिया
