सुनसान सडक़ पर खौफ: चाकू की नोक पर परिवार से लूट

रतलाम। जिले के बाजना क्षेत्र में देर रात हुई लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जावरा से राजस्थान के कुशलगढ़ लौट रहे एक परिवार को सुनसान रास्ते में बदमाशों ने घेरकर चाकू की नोक पर लूट लिया। घटना के दौरान परिवार के साथ मारपीट भी की गई, जिससे वे दहशत में आ गए।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के कुशलगढ़ निवासी कादर खान अपनी बेटी फरजाना और तीन वर्षीय पोते के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रतनपुर के पास, माही नदी से करीब 9 किलोमीटर पहले, रात लगभग 12 बजे 6 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर परिवार को धमकाया और कादर खान की गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी।

डरे-सहमे परिवार से बदमाशों ने करीब 20 हजार रुपए नकद, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, बाइक की चाबी, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड सहित कपड़ों से भरा बैग और अन्य सामान लूट लिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने मारपीट भी की। इसी बीच बाजना की ओर से आ रहे एक मैजिक पिकअप वाहन की हेडलाइट दिखाई देने पर बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीडि़त परिवार रात करीब 1 बजे बाजना थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि जिस इलाके में वारदात हुई, वहां रात में पुलिस गश्त नहीं होने की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

Next Post

शराब दुकान शुरू करने के खिलाफ महिलाओं का चक्का जाम

Mon Apr 13 , 2026
रतलाम। शहर के सराय स्थित लोहा मंडी क्षेत्र में प्रस्तावित नई शराब दुकान के विरोध में सोमवार को स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों और महिलाओं का गुस्सा सडक़ों पर फूट पड़ा। रिहायशी इलाके में दुकान खोले जाने के खिलाफ लोगों ने चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में यातायात पूरी […]

You May Like

मनोरंजन