शराब दुकान शुरू करने के खिलाफ महिलाओं का चक्का जाम

रतलाम। शहर के सराय स्थित लोहा मंडी क्षेत्र में प्रस्तावित नई शराब दुकान के विरोध में सोमवार को स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों और महिलाओं का गुस्सा सडक़ों पर फूट पड़ा। रिहायशी इलाके में दुकान खोले जाने के खिलाफ लोगों ने चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी की, जिनमें मुस्लिम महिलाएं विशेष रूप से शामिल रहीं। उन्होंने ‘जय भीम’ की तख्तियां और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के पोस्टर हाथ में लेकर दुकान के बाहर धरना दिया। महिलाओं ने साफ चेतावनी दी कि किसी भी स्थिति में इस स्थान पर शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

रहवासियों और व्यापारियों का कहना है कि यह क्षेत्र न केवल घनी आबादी वाला है, बल्कि एक प्रमुख व्यावसायिक मार्ग भी है। ऐसे में यहां शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ेगा और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा प्रभावित होगी। विरोध के समर्थन में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी, हाट की चौकी प्रभारी पंकज राजपूत सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया। बावजूद इसके प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।

 

कांग्रेस ने दिया समर्थन

 

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा भी मौके पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के खिलाफ यहां शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

Next Post

महू में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भव्य समागम, सीएम मोहन यादव होंगे शामिल

Mon Apr 13 , 2026
इंदौर। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर डॉ. अंबेडकर जन्मस्थली स्मारक में विशाल समागम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी […]

You May Like