अब आर-पार की लड़ाई ! हजारों शिक्षक 18 अप्रैल को भरेंगे हुंकार, भोपाल कूच की बड़ी तैयारी

नीमच। अध्यापक संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर 12 अप्रैल 2026 को गांधी वाटिका में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 18 अप्रैल को भोपाल में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय धरने को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में जिलेभर से आए शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आंदोलन को व्यापक और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे जिले में एकरूपता बनाए रखने के लिए सभी 35 जन शिक्षा केंद्रों से न्यूनतम 30-30 शिक्षकों की भागीदारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। इस योजना के तहत बड़ी संख्या में शिक्षक भोपाल पहुंचकर जिले का मजबूत प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रत्येक जन शिक्षा केंद्र में कार्यरत जन शिक्षक साथियों को इस अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक के दौरान ही उन्हें दूरभाष के माध्यम से निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने केंद्रों पर बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर पर रणनीति बनाएं और अधिक से अधिक शिक्षकों को आंदोलन से जोड़ें।

जिला संयोजक मनीष पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले से भोपाल के लिए 100 से अधिक वाहनों के जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जन शिक्षा केंद्र की हर शाला से शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि आंदोलन के पीछे शिक्षकों की कई महत्वपूर्ण मांगें हैं, जिनमें टीईटी से मुक्ति, नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता का लाभ एवं पुरानी पेंशन योजना की बहाली प्रमुख हैं। इन मांगों को लेकर लंबे समय से शिक्षक वर्ग संघर्ष कर रहा है और अब प्रदेश स्तर पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी कर रहा है। बैठक में उपस्थित सभी शिक्षकों ने 18 अप्रैल के धरने को सफल बनाने का संकल्प लिया और एकजुटता के साथ अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने का भरोसा जताया।

Next Post

सडक़ हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत

Mon Apr 13 , 2026
नीमच। जिले के ग्राम सुवाखेड़ा में बीती रात एक सडक़ हादसे में 23 वर्षीय युवक शुभम माली की जान चली गई। शुभम तारापुर निवासी था और हाल ही में नीमच सिटी के चौधरी मोहल्ले में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, शुभम माली (23) सुवाखेड़ा स्थित एक दुकान में काम […]

You May Like