
जबलपुर। समीक्षा टाउन सिविल लाइन में शनिवार को आरक्षक और अधिवक्ता के बीच हुए हाथापाई के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरक्षक पर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने उन्हें घंटों थाने में बैठाया गया समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई समझौते के लिए दबाव बनाया गया। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विदित हो कि समीक्षा टाउन सिविल लाइन निवासी अधिवक्ता पंकज शर्मा के घर के पास शनिवार शाम कुछ बच्चे शोर-शराबा कर रहे थे। अधिवक्ता ने बच्चों को शांत रहने के लिए कहा और शोर का विरोध किया था। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले और मदन महल थाने में पदस्थ आरक्षक तिवारी वहां पहुंच गए। देखते ही देखते बच्चों की बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए और बात हाथापाई तक पहुंच गई थी। सिविल लाइन थाने में भी मामले को लेकर हंगामा मचा था। दोनों पक्षों के बीच हुई हाथापाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
