उजड़ती पहचानः बदहाली, लापरवाही और खामोशी में डूबता रीजनल पार्क

इंदौर:कभी हरियाली, बोटिंग और सुकून के लिए पहचाना जाने वाला इंदौर का रीजनल पार्क आज अपनी बदहाली की कहानी खुद बयां कर रहा है. टूटी फर्श, सूखे पौधे और वीरान तालाब- यह तस्वीर किसी उपेक्षित स्थल की नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख रीजनल पार्क की है.इंदौर का कभी आकर्षण का केंद्र रहा रीजनल पार्क आज बदहाली की तस्वीर बनता जा रहा है. पार्क में व्यवस्थाएं लगातार बिगड़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे पर जवाब देने से बचते नजर आ रहे हैं. नए कमिश्नर को भी स्थिति की स्पष्ट जानकारी नहीं है, वहीं संबंधित अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे.

सिस्टम गायब, सवाल बरकरार
स्थिति इतनी खराब है कि जिम्मेदार अधिकारी जवाब देने को तैयार नहीं. अधिकारी फोन उठाने से बच रहे हैं- आखिर जिम्मेदारी किसकी?

घटता स्टाफ, बढ़ती परेशानी
सूत्र बताते हैं कि कर्मचारियों की संख्या कम होने से साफ-सफाई और रखरखाव ठप पड़ चुका है. जगह-जगह उखड़ी फर्श और बिखरी हरियाली लापरवाही की गवाही दे रही है.

सुरक्षा में सेंध, असामाजिक तत्व सक्रिय
बंद पड़े कैमरे, कम सुरक्षा गार्ड और चोरी की घटनाएं पार्क की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं. अब यह जगह परिवारों से ज्यादा असामाजिक तत्वों के लिए आसान ठिकाना बनती जा रही है.

सूखता तालाब, थमती रौनक
पर्यटन विभाग द्वारा एक समय इस पार्क में क्रूज और मोटर बोट जैसी सुविधाएं संचालित की जाती थीं, जिनसे पार्क को अच्छा राजस्व प्राप्त होता था. इन गतिविधियों के कारण पार्क की आय में लगातार वृद्धि हो रही थी और यह लाभकारी भी साबित हो रहा था. आज वही तालाब सूखा पड़ा है. उल्टी पड़ी नावें और गायब बोट्स इस बात का संकेत हैं कि व्यवस्थाएं कितनी बिखर चुकी हैं. इस पार्क की लगातार अनदेखी की जा रही है. रखरखाव और प्रबंधन की कमी के चलते अब यह पार्क धीरे-धीरे बदहाली की ओर बढ़ता जा रहा है और इसकी स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है.

आवारा पशु और कब्जे की मार
तालाब किनारे गोवंश की मौजूदगी और कैचमेंट एरिया पर बढ़ते कब्जों ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है. जलस्तर गिर रहा है और तालाब भरने की संभावना कम होती जा रही है.

कब जागेगा प्रशासन?
करोड़ों खर्च के बाद भी पार्क की यह हालत चिंता बढ़ा रही है. पीपीपी मॉडल की बातें भी फाइलों में दबी हैं. सवाल यही है- क्या यह पार्क फिर से अपनी पहचान पा सकेगा या यूं ही बदहाली में खो जाएगा?

Next Post

राजकीय सम्मान के साथ आज होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार, जानें कब और कहां दे सकेंगे अंतिम विदाई

Mon Apr 13 , 2026
आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान के साथ शिवाजी पार्क में होगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि। जानें अंतिम दर्शन का पूरा समय। पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित वयोवृद्ध पार्श्व गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रिज कैंडी अस्पताल में निधन हो […]

You May Like

मनोरंजन