नर्मदापुरम। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का पुरस्कार वितरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह गायत्री शक्तिपीठ सेठानी घाट में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कक्षा 5 से 12वीं तथा महाविद्यालय स्तर तक आयोजित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर 24 एवं तहसील स्तर पर 32 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया, वहीं विभिन्न विद्यालयों के 53 शिक्षकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. प्रजापति सहित कई शिक्षाविद उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि यह परीक्षा विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करती है। जिले के 263 विद्यालयों में आयोजित इस परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंत में आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
