
भोपाल। ऐशबाग थाना क्षेत्र में एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. युवक पर पर हमला करने वाले दो आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है.
जानकारी के मुताबिक 24 वर्षीय शाहवाज खान बरखेड़ी फाटक के पास रहता था. शुक्रवार की रात शाहवाज अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए हाऊसिंग बोर्ड ‘कॉलोनी ऐशबाग पहुंचा था. शादी कार्यक्रम में शामिल होने आए सोनू उर्फ समीर के साथ एक अन्य युवक ने देर रात को शाहवाज से बहस करनी शुरू कर दी. आरोपियों ने इसके बाद शाहवाज से मारपीट करते हुए उसपर चाकू से हमला कर दिया. चाकू के हमले से घायल शाहवाज को परिजनों ने तुरंत ही नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. हमला करने वाले दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. ऐशबाग थाना पुलिस घटना स्थल पर लगे कैमरो की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान कर ली. पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है. शाहवाज के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह औद्योगिक क्षेत्र में स्क्रेप का कारोबार करता है. आरोपियों से शाहवाज की पुरानी रंजिश को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.
