पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
आठ बीघा जमीन का था मामला
इंदौर:कनाड़िया थाना क्षेत्र के सालीगाम में आठ बीघा जमीन के विवाद को लेकर एक किसान की हत्या का मामला सामने आया है. इस जमीन पर चार भाइयों और दो बहनों का मालिकाना हक था, लेकिन इसे खेती के लिए चार लोगों को दिया गया था. बाद में इन्हीं लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया और जबरन मालिकाना हक जताने लगे. 27 मार्च को बड़ियाकीमा में रहने वाले बाबूलाल उर्फ गब्बर परमार का शव खेत की मेड़ पर पड़ा मिला. जांच में मामला हत्या का निकला. पुलिस ने इस संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
कनाड़िया थाना क्षेत्र के बड़ियाकीमा स्थित 8 बीघा पुश्तैनी जमीन बाबूलाल के पिता के नाम थी. इसमें बाबूलाल और उसके भाई हेमसिंह, फूलचंद, ठाकर सिंह और दो बहनों का भी हिस्सा था. यह जमीन मानसिंह परिहार, घनश्याम परिहार और लालचंद हिरासत को खेती के लिए दी गई थी. बाद में आरोपियों ने इस जमीन का सौदा बिल्डर अनूप से कर लिया. बाबूलाल ने इस अनुचित सौदे के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत दर्ज कराई थी. जांच में सामने आया कि हत्या के दिन बाबूलाल के रिश्तेदार विक्रम पिता प्रभुलाल मालवीय और मुकेश पुत्र रतनसिंह मडलाई उसे रास्ते में मिले और बाद में छोड़कर चले गए.
इसके बाद तीन अन्य आरोपियों ने उसे घेर लिया, धमकाया और मारपीट की. सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. हत्या के पीछे जमीन के सौदे का विवाद था. आरोपी 35 लाख रुपए देने को तैयार थे, लेकिन बाबूलाल डेढ़ करोड़ की मांग कर रहा था. इस सौदे को लेकर लगातार विवाद चल रहा था. समझौता न करने पर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी.मामले में कनाड़िया पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
