फिल्मीं सितारों ने आशा भोंसले के निधन पर शोक व्यक्त किया

मुंबई, 12 अप्रैल (वार्ता) बॉलीवुड की दिग्गज पार्श्वगायिका आशा भोंसले के निधन पर फिल्मीं सितारों ने शोक व्यक्त किया है। आशा भोंसले की निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड के कई सितारों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल और सांसद हेमा मालिनी ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया। उन्होंने आशा भोंसले के साथ अपनी दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। हेमा मालिनी ने इन तस्वीरों के साथ लिखा, ‘आशा ताई अब हमारे बीच नहीं हैं! मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि कोई इतनी ज़िंदादिल इंसान, जिसने अपने गानों में इतनी जान और अंदाज भरा, वह हमें अकेला छोड़कर चली गई। यह मेरे लिए खासकर बहुत मुश्किल है, क्योंकि मेरा आशा जी के साथ एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव था।उन्होंने अपनी अनोखी आवाज़ और अंदाज़ से मेरे कई गानों को बेहद लोकप्रिय बनाया। लता जी और आशा जी, दोनों के साथ मेरा बहुत ही खास रिश्ता था; फिल्म इंडस्ट्री में मेरी सफलता में उन दोनों का योगदान बहुत बड़ा रहा है। यह महाराष्ट्र और पूरे भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई या जिसकी जगह कोई और कभी नहीं ले सकता!’ आशा भोंसले के निधन पर दिग्गज अभिनेती सायरा बानो बेहद दुखी हैं।उन्होंने कहा कि वे लोग खुश किस्मत थे जिन्हें आशा ताई से जुड़ने का मौका मिला। आशा भोसले के निधन पर एआर रहमान ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। उ्न्होंने लिखा है, ‘वे अपनी आवाज और आभा के जरिए हमेशा जीवित रहेंगी। क्या कमाल की कलाकार थीं’।

अक्षय कुमार ने आशा भोंसले के साथ एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आशा भोसले की सुरीली आवाज़ हमेशा अमर रहेगी और भारतीय संगीत जगत उन्हें हमेशा याद रखेगा। फिल्मकार करण जौहर ने लिखा, यह कहना कि हमने आज एक लेजेंड को खो दिया, बहुत छोटा होगा। आशा जी जैसी कोई दूसरी नहीं थी। उनकी आवाज सिर्फ एक पीढ़ी ही नहीं, बल्कि पूरे सिनेमा के दौर को परिभाषित करती थी। मैं हमेशा से उनकी आवाज, उनकी कला और उनकी शख्सियत का बहुत बड़ा फैन रहा हूं। आशा जी, आपका संगीत हमेशा जिंदा रहेगा और हम खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि हमें आपका जादू महसूस करने का मौका मिला। रवीना टंडन ने दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि आशा जैसी कोई नहीं है। आज जिंदगी ने ऐसी चीज को दूर किया है, जिसकी भरपाई नहीं हो सकती है। इंडस्ट्री का सबसे गहरा नुकसान, मेरे, और मेरे पूरे बचपन से लेकर अब तक का ऐसा लॉस जिसकी भरा नहीं जा सकता। उनकी अब तक की सबसे बड़ी फैन। कोई उनके जैसा नहीं था। आशा जी आप म्यूजिक और साउंड की ऐसी विरासत पीछे छोड़ गई हैं, जिनकी दुनिया में कोई तुलना नहीं कर सकता। संगीत का सबसे बड़ा युग यहां अंत होता है।

सुप्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने कहा, ‘आशा जी का निधन बहुत दुखद है। एक लीजेंड का अंत हुआ है। उनकी पूरी जिंदगी और उनकी जर्नी हम सबके लिए एक मिसाल है। लता जी और आशा जी दोनों ही एक स्कूल की तरह हैं। ये कभी खत्म नहीं होंगे। इन्होंने अपने पीछे एक पूरी यूनिवर्सिटी छोड़ दी है। जो भी गाना सीखेगा, वो यही सोचेगा कि लता जी जैसा गाऊं या आशा जी जैसा गाऊं। मधुर भंडारकर ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘यह बहुत दुखद है कि आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। मुझे उनके साथ काम करने का अवसर मिला और मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से बहुत अच्छे से जानता हूं। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान बहुत बड़ा है। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।’ शंकर महादेवन ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘यह हम सभी और भारतीय संगीत के लिए बेहद दुखद दिन है। मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि हमारी प्रिय आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं।एक संगीतकार, एक फैन और एक फैमिली फ्रेंड के रूप में मैं अपने दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पा रहा हूं। मैं हमेशा उन्हें मां सरस्वती के समान मानता था। आज हर भारतीय दुखी है… दिल टूट गया है।उनका संगीत तब तक जीवित रहेगा, जब तक मानवता अस्तित्व में है। वह हमेशा हमारे बीच रहेंगी, हमारे फोन, टेलीविजन और हर उस मंच पर, जहां संगीत मौजूद है, उनकी आवाज दुनिया भर में गूंजती रहेगी। इस समय हम सभी गहरे शोक और दुख में हैं।’ आशा भोसले के निधन पर अदनान सामी और कैलाश खेर ने ने भी दुख जताया है। मनोज मुंतशिर ने एक कविता के जरिए आशा भोसले को ट्रिब्यूट दिया। उन्होंने लिखा- कुछ लोग यूं बुलंद थे कि दास्तान हो गए…पैदा हुए जमीन पर और आसमान हो गए.” आज एक आसमान ने ये जमीन छोड़ दी. आप बहुत याद आयेंगी ताई. ओम शांति!

Next Post

आशा भोंसले के सुपरहिट गाना दम मारो दम पर टीवी और रेडियो ने लगाया था बैन

Sun Apr 12 , 2026
मुंबई, 12 अप्रैल (वार्ता) बॉलीवुड की दिग्गज पार्श्वगायिका आशा भोंसले के सुपरहिट गाना ‘दम मारो दम’ पर टीवी और रेडियो ने बैन लगा दिया था। वर्ष 1971 में प्रदर्शित फिल्म हरे रामा हरे कृष्णा में आशा भोंसले ने सुपरहिट गाना दम मारो दम गाया था। यह गाना जीनत अमान पर […]

You May Like