
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट ने कटनी स्थित छोटी महानदी पुल की मरम्मत करके उसे सुरक्षित और यातायात योग्य बनाने के मामले में जवाब तलब किया है। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने मामले में कलेक्टर कटनी, जल संसाधन विभाग व अन्य से जवाब पेश करने के निर्देश दिये है। युगलपीठ ने मामले की अगली सुनवाई 12 मई को निर्धारित की है।
दरअसल यह मामला कटनी निवासी ब्रम्हमूर्ति तिवारी की ओर से दायर किया गया है। जिनकी ओर से अधिवक्ता हिमांशु मिश्रा ने पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पुल की हालत उद्घाटन के 8 से 10 वर्षों के भीतर ही खराब हो गई है। यह पुल नदी के दोनों किनारों को जोड़ता है और शहर के निवासियों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्हें अब नदी पार करने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। मांग की गई कि छोटी महानदी पुल की मरम्मत और जीर्णोद्धार कराया जाए ताकि इसे सुरक्षित और यातायात योग्य स्थिति में लाया जा सके। सुनवाई पश्चात् न्यायालय ने अनावेदकों को जवाब पेश करने के निर्देश दिये है।
