
भोपाल। 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 में मध्यप्रदेश की महिला टीम ने सेमीफाइनल में ओडिशा को 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। वहीं पुरुष टीम भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रभावी प्रदर्शन कर रही है।
सेमीफाइनल मुकाबले में मध्यप्रदेश की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम की ओर से नौसीन नाज़ ने पहला गोल कर बढ़त दिलाई, जबकि केशर ने दूसरा गोल कर जीत सुनिश्चित की। खिलाड़ियों ने पूरे मैच में बेहतरीन तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन किया।
मध्यप्रदेश की खिलाड़ी स्नेहा दवाड़े को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। महिला टीम अब 12 अप्रैल को फाइनल में मेजबान झारखंड से भिड़ेगी। टीम का मनोबल ऊंचा है और खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर राजगीर (बिहार) में आयोजित 16वीं सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश की पुरुष टीम भी दमदार प्रदर्शन कर रही है और प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने महिला टीम को फाइनल में पहुंचने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने पुरुष टीम को भी शुभकामनाएं दीं। प्रदेश की हॉकी अकादमियों में आधुनिक प्रशिक्षण और अनुभवी कोचिंग के कारण खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे है।
