जबलपुर: पांचवी-आठवीं के प्राईवेट परीक्षार्थियों के लिए गाइडलाइन जारी की जाए। ये मांग हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत ने जिला शिक्षा अधिकारी से की है। अध्यक्ष नीरज राजपूत ने आरोप लगाते हुए बताया कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के चलते 5वीं, 8वीं की स्वाध्यायी परीक्षा का सारा दारोमदार बिचौलियों के हाथों में चला गया है परिणाम स्वरूप गरीब छात्र-छात्राएं चाहकर भी परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाते हैं, क्योंकि परीक्षा फॉर्म भराने वाले दलाल 10 से 20 हजार रुपए तक की डिमांड करते हैं।
हिंदू धर्म सेना के संस्थापक योगेश अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत, अविनाश सुखदान, मुकेश रजक, भारत पासी, रोहित बेन सहित अन्य ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि प्राईवेट परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पूरी गाइड लाइन मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जाए जिससे लोगों को यह जानकारी मिल सके कि दोनों परीक्षाओं में कौन शामिल हो सकता है, क्या पात्रता है, कितना परीक्षा शुल्क है और फॉर्म इसके कब से भरे जाएंगे।
